LUCKNOW CRIME NEWS: पति के अफेयर से परेशान पत्नी ने भाई संग मिलकर की थी हत्या

लखनऊ (ब्यूरो)। दीवाली की रात मानस नगर में हुई पीएसी इंस्पेक्टर सतीश कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी भावना और उसके भाई देवेंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि सतीश का अफेयर अन्य महिलाओं से होने की वजह से पत्नी परेशान थी। इसकी वजह से बहन और भाई ने उसकी हत्या की साजिश रची और मौका देखकर वारदात को अंजाम दे डाला। आरोपियों के पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद की है।

गाड़ी में जीपीएस लगा किया ट्रेस

साउथ डीसीपी विनीत जायसवाल ने बताया कि आरोपी देवेंद्र कुमार ने पूछताछ में बताया कि उसका जीजा सतीश कुमार बहन भावना को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। सतीश का कई महिलाओं से संबंध था। विरोध करने पर सतीश जान से मारने की धमकी दे रहा था। इसके बाद भाई बहन ने उसकी हत्या की सजिश रची। इसके बाद देवेंद्र ने सतीश की लोकेशन को ट्रैक करने के लिए उनकी क्रेटा कार में जीपीएस ट्रैकर लगाया और उसे मोबाइल से कनेक्ट कर लिया।

साइकिल से फरार हुआ था आरोपी

डीसीपी ने बताया कि आरोपियों को पता था कि सतीश के घर के पास लगा कैमरा खराब है। इसके साथ ही आगे गली बंद है। आरोपी ने एक अवैध तमंचा खरीदा। पुलिस को गुमराह करने के लिए देवेंद्र ने साइकिल खरीदी थी। वारदात वाली रात करीब आठ बजे उसने चारबाग स्टेशन के पास से साइकिल ली और फिर हुडी पहनकर सतीश के घर आया, जैसे ही सतीश ने घर का दरवाजा खोला। आरोपी ने उसे गोली मार दी। इस दौरान उसने पांच फायर किए। वारदात के बाद वह साइकिल से फरार हो गया।

आरोपी ने घर पर छोड़ा मोबाइल

वारदात के बाद आरोपी साइकिल से कनौसी नहर के पास गया। यहां पर उसने अपने कपड़े और जूते एक थैले में रख ईंट बांधकर उसे नहर में फेंक दिया, लेकिन मास्क और टोपी नहीं बदली। वारदात के बाद पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर लगभग 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जिसके बाद पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए देवेंद्र तक पहुंच गई। पूछताछ में उसने बताया कि वारदात को अंजाम देने के लिए उसने पूरी साजिश रची थी। सर्विलांस से बचने के लिए आरोपी ने अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ दिया। इसके साथ ही भांजे से मोबाइल पर ऑनलाइन खाना भी ऑर्डर करवा रहा था।

यह था मामला

इंस्पेक्टर सतीश राजाजीपुरम में रहने वाली अपनी बहन के घर से पत्नी भावना और बेटी संग रविवार देर रात करीब 2.10 बजे घर पहुंचे थे। पत्नी और बेटी कार की पिछली सीट पर सो रही थी। सतीश कार से बाहर निकले और घर का ताला खोलने लगे। इसी बीच अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी थी। इसके बाद भावना कार से बाहर निकली थीं। हालांकि, पुलिस पत्नी भावना और करीबियों की भूमिका को भी शक के दायरे में देख कई बिंदुओं पर जांच कर रही थी।

2023-11-19T15:34:24Z dg43tfdfdgfd