PENCH TIGER RESERVE: पेंच टाइगर रिजर्व में पहली बार बी-2 बाघिन के चार शावकों को देख रोमांचित हुए पर्यटक

नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी: पेंच टाइगर रिजर्व के खुर्सापार (महाराष्ट्र) गेट से शुक्रवार की सुबह सफारी पर गए पर्यटक बी-2 नामक बाघिन के साथ उसके चार शावकों को देखकर रोमांचित हो गए। इस पल को पर्यटकों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया।अब बी-2 बाघिन का चार शावकों के साथ जंगल में विचरण करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहा है। बी-2 बाघिन अपने चार शावकों के साथ पहली बार पर्यटकों को दिखाई दी है।

दो-दो माह के हैं शावक

पेंच के प्रकृतिवादी सतीस ने बताया है कि बी-2 बाघिन के शावक करीब दो-दो माह के हो गए हैं। बी-2 बाघिन अपने चार शावकों के साथ पहली बार दिखाई दी है। कुछ देर पार्क की कच्ची सड़क पर चारों शावकों के साथ खड़ी रहने के बाद बी-2 बाघिन घने जंगल की ओर चली गई।

इसके बाद चारों शावक भी बाघिन के पीछे-पीछे जंगल में दौड पड़े। इस द्श्य को करीब से देखकर पर्यटक रोमांचित हो गए। उन्होंने बताया है कि इस समय पेंच के कोर व बफर क्षेत्र के साथ महाराष्ट्र क्षेत्र में भी बाघ व तेंदुआ के दीदार पर्यटकों को हो रहे हैं।

गर्मी में पतझड़ और हरी घास कम होने के कारण आसानी से बाघ-तेंदुआ व अन्य वन्यप्राणियों के दीदार होने से पर्यटक प्रफुल्लित हो रहे हैं।तेज गर्मी के कारण इन दिनों बड़ी संख्या में पर्यटक जंगल के बीच शुकून के पल बिताने पहुंच रहे हैं।

2024-04-19T12:55:21Z dg43tfdfdgfd